नेलसनार पिकनिक स्पॉट पर बाल विवाह निषेध को लेकर व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम

बीजापुर 04 जनवरी 2026/sns/-    बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के अंतर्गत कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशन मे बीजापुर जिले में नेलसनार पिकनिक स्पॉट पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक करते हुए इसके दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा बाल अधिकारों की जानकारी प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रदर्शन के माध्यम से जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों, युवाओं, अभिभावकों एवं पर्यटकों को बताया गया कि बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणाम होते हैं, जिनमें कम उम्र में विवाह के कारण बालिकाओं एवं बालकों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में अवरोध, शिक्षा का बाधित होना, अल्पायु में गर्भधारण से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में वृद्धि, कुपोषण, स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं, घरेलू हिंसा की संभावनाएं तथा गरीबी के दुष्चक्र में फंसे रहने जैसे दुष्परिणाम प्रमुख हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के अंतर्गत निर्धारित वैधानिक आयु-सीमा एवं दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा बताया गया कि बाल विवाह एक संज्ञेय एवं दंडनीय अपराध है।

उक्त जनजागरूकता  कार्यक्रम के माध्यम से बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित भविष्य के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय से अपील की गई कि वे स्वयं बाल विवाह न करें, समाज में इस कुप्रथा के उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं तथा कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा प्रशासन या चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 व महिला हेल्पलाइन 181 पर जानकारी या सूचित कर सकते हैं, इस हेतु स्वंय भी जागरूक रहे व आसपास जागरूकता बढ़ाये।
उक्त अभियान से क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ तथा बाल विवाह मुक्त समाज के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *