कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कलेक्ट्रेट परिसर के कार्यालयों का किया निरीक्षण

     मोहला, 16 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय परिसर में स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में संचालित आधार सेवा केंद्र, खनिज विभाग, जनगणना कक्ष, सांख्यिकी विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, निर्वाचन शाखा, स्थापना कक्ष, वृत्त शाखा, जनसंपर्क शाखा, नाजिर शाखा, भू-अभिलेख शाखा सहित संपूर्ण कार्यालय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
         निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, नागरिक सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण लिया। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर शासकीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि जिला कार्यालय आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है, इसलिए व्यवस्थित एवं साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
          कलेक्टर ने जिला कार्यालय परिसर में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्षों में संचालित खनिज विभाग एवं जनगणना कक्ष का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नवीन भवन में रनिंग वाटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आसपास नियमित सफाई कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आबंटित कार्यालयों में विभागों के शिफ्टिंग नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने परिसर में स्थित लोक सेवा आधार केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधार ऑपरेटर से आधार पंजीयन एवं संशोधन से संबंधित प्रक्रिया, प्रतिदिन आने वाले आवेदकों की संख्या तथा आम नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता को लेकर गहरी नाराजगी जताई एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

भू-अभिलेख शाखा के रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

भू-अभिलेख शाखा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने रिकॉर्ड रूम का विशेष रूप से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने भूमि से संबंधित अभिलेखों के रख-रखाव, फाइलों के संधारण एवं दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व अभिलेखों को क्रमबद्ध, अद्यतन एवं सुरक्षित तरीके से रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि भू-अभिलेख अत्यंत महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज होते हैं, जिनका संरक्षण एवं सुव्यवस्थित संधारण विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं वेंटिलेशन की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *