कलेक्टर श्री अमित कुमार ने धीमे कार्यों और शिविर में अनुपस्थित विभागों पर जताई नाराजगी

सुकमा, 04 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार की कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कुमार ने निर्देश दिए कि कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी जिला मुख्यालय छोड़ने से पहले अनिवार्य रूप से सूचना देना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि जिले में मोतियाबिंद ऑपरेशन प्रारंभ किए जाएंगे, इस हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कक्ष के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्री कुमार ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए नवीन दरी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं पुस्तकालय निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी के धीमे निर्माण कार्यों एवं शिविरों में अनुपस्थित विभागों पर कलेक्टर श्री कुमार ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिले में संचालित शिविर में अनुपस्थित विभागों के विरुद्ध शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही कंट्रोल रूम, सेवा एक्सप्रेस, धान खरीदी की स्थिति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बताया कि मिशन कनेक्ट छिंदगढ़ के अंतर्गत पीडीएस दुकानों, स्वास्थ्य केंद्रों, मुक्तिधाम सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने, ई-ऑफिस में ऑनबोर्ड होने तथा जिला स्तरीय अधिकारियों को एसीआर के साथ आगामी वार्षिक कार्य विवरण एवं कार्ययोजना समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शिविरों के माध्यम से आधार कार्ड, आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने संपूर्णता अभियान 2.0 की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसमें 06 प्रमुख इंडिकेटर्स निर्धारित हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं पशुपालन विभाग को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव  को शत-प्रतिशत करने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *