रजत जयंती वर्ष पर विद्युत वितरण केंद्रों में समारोह आयोजित, उपभोक्ता सम्मानित

अंबिकापुर, 05 फरवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा रजत जयंती वर्ष 2025-26 के उपलक्ष्य में सरगुजा संभाग के अंतर्गत विभिन्न वितरण केन्द्रों में 2 से 4 फरवरी तक समारोह आयोजित किया गया। सरगवां, लटौरी, राजापुर, दरिमा, कुन्नी, धौरपुर, अम्बिकापुर (ग्रामीण), लखनपुर, लुण्ड्रा, लमगांव, पेटला एवं सीतापुर में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, उपभोक्ता एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।

समारोहों में विद्युत व्यवस्था की भूमिका, उपभोक्ताओं के योगदान तथा शासन स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से पी.एम. कुसुम योजना एवं पी.एम. सूर्य घर योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला गया और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया। बीपीएल श्रेणी के ऐसे पाँच उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने निर्धारित यूनिट के अनुरूप विद्युत खपत की। इसके अलावा पाँच घरेलू उपभोक्ताओं को, जिन्होंने पिछले दो वर्षों से नियमित रूप से बिना बकाया के बिजली बिल का भुगतान किया, प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कृषक जीवन ज्योति योजना के पाँच हितग्राहियों तथा पीएम सूर्य घर योजना के पाँच लाभार्थियों को भी लक्की ड्रा के माध्यम से सम्मानित किया गया।

समारोहों में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों ने विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार, ऊर्जा संरक्षण और उपभोक्ता सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *