बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर केन्द्राध्यक्षों का प्रशिक्षण आयोजितपरीक्षा संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

रायगढ़, 9 फरवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वार्षिक बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के समस्त परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्षों की बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
यह बैठक नटवर अंग्रेजी माध्यम स्कूल के सभा कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें जिले के सभी 109 परीक्षा केंद्रों के केन्द्राध्यक्ष एवं सातों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। बैठक में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. वेंकट राव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के मास्टर ट्रेनरों द्वारा परीक्षा से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं की गहन जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर राजेश डेनियल, विजय तिर्की, दिनेश अग्रवाल, विनोद षडंगी एवं विनोद राठिया द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रश्न पत्र प्राप्ति, परिवहन, थानों से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न पत्र लाने-ले जाने, उपकेन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक की व्यवस्था, अमूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं के सील्ड बंडल थाने में जमा करने सहित परीक्षा संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान मास्टर ट्रेनर विजय तिर्की ने स्पष्ट किया कि मूल्यांकन कार्य की तिथि मंडल द्वारा निर्धारित की जाती है तथा समय-सीमा में मूल्यांकन पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मूल्यांकन हेतु नियुक्त सभी व्याख्याताओं को अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त किया जाएगा, जिससे मूल्यांकन कार्य समय पर पूर्ण हो सके। बैठक में भुवनेश्वर पटेल, अमित श्रीवास्तव एवं लोकेश गुप्ता भी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *