मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना परिणय सूत्र में बंधे 94 जोड़े

मुंगेली, 12 फरवरी 2026/sns/- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में परिवारजनों एवं गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में आज 94 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से दीप प्रज्वलन कर माँ सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराए गए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमामय एवं सम्मानपूर्वक संपन्न कराया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवार के लिए एक सौगात है। इस योजना से जहां गरीब परिवारों को अपने बेटियों के विवाह की चिंता से मुक्ति मिली है, वहीं इस योजना के क्रियान्वयन से विवाह में होने वाले फिजूल खर्ची पर भी लगाम लगा है। उन्होंने दम्पत्तियों को नवदात्पत्य जीवन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले शादी में होने वाले खर्च के लिए गरीब परिवारों को अपना घर, खेत, जमीन सब गिरवी रखना पड़ता था, लेकिन शासन की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक ही मंच पर अनेक गरीब वर-वधुओं की शादी हो रही है। इससे समाज में एकता स्थापित हो रही है, जिससे समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के लिए जिला प्रशासन सहित विभाग की सराहना की।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि बेटा-बेटी में कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए, दोनों समान हैं। विवाह दो परिवारों का पवित्र मिलन होता है। उन्होंने नवविवाहित दंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए महतारी वंदन योजना, स्वरोजगार हेतु ऋण सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने नवदम्पत्तियों को सुखमय एवं खुशहाल जीवन जाते हुए आगे बढ़ने प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया और नवदम्पत्तियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में नवदम्पत्तियों को चेक व उपहार सामग्री प्रदान कर उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की गई। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, नगर पालिका मुंगेली अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मिश्रा, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण और वर-वधु के परिजन मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *