डीबीटी से मिलेगी छात्रवृत्ति, आधार सीडिंग बैंक खाता और राशनकार्ड में नाम अनिवार्य
मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- राज्य शासन के निर्देशानुसार सत्र 2025-26 में कक्षा तीसरी से 12वीं तक के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सीधे डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों का आधार नंबर बैंक खाते से सीडेड होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही छात्र का नाम परिवार के राशन कार्ड में दर्ज होना भी आवश्यक होगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिले के समस्त बैंकों को निर्देशित किया है कि स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के निःशुल्क बैंक खाते खोले जाएं। जिन विद्यार्थियों के बैंक खातों में अभी तक आधार सीडिंग नहीं हुई है, उनके खातों को प्राथमिकता के आधार पर आधार से लिंक किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग, बैंक प्रबंधन और स्कूल प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों का नाम परिवार के राशन कार्ड में जोड़ने तथा शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।