राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: 08 लाख 49 हजार 864 नागरिकों ने किया दवा का सेवन

मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित सामूहिक दवा सेवन अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिली है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता और घर-घर पहुंचकर दवा वितरण सुनिश्चित किया। अभियान के दौरान जिले के 08 लाख 49 हजार 864 नागरिकों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाया। अभियान के लिए निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 99.76 प्रतिशत हितग्राहियों को दवा खिलाई गई, जो जिले की स्वास्थ्य टीमों की सक्रियता और आमजन के सहयोग का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि 10 फरवरी से 27 फरवरी तक चले विशेष अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर नागरिकों को दवा का सेवन कराया और फाइलेरिया रोग के प्रति जागरूक किया। डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि फाइलेरिया, जिसे हाथीपांव रोग भी कहा जाता है, संक्रमित मच्छर के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है। यह शरीर के लसीका तंत्र (लिम्फेटिक सिस्टम) को प्रभावित कर अंगों में असामान्य सूजन उत्पन्न करती है। समय पर दवा का सेवन इस रोग से बचाव का प्रभावी उपाय है। विभाग ने स्पष्ट किया कि दवा पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की निगरानी में दी जाती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *