पहली बार डोंगरगढ़ नवरात्रि मेले में लगेगा निजी चिकित्सालय का नि:शुल्क शिविर

राजनांदगांव, 07 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में आयोजित मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निजी चिकित्सालयों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान बड़ी संख्या में डोंगरगढ़ पहुंचने वाले दर्शनार्थियों एवं श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ निजी चिकित्सालय भी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने सेवा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर अस्थायी मेडिकल कैम्प, एम्बुलेंस सेवाएं और आपातकालीन ड्यूटी के लिए निजी चिकित्सालयों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कैम्प की स्थापना प्रमुख मेला पंडालों में निजी चिकित्सालयों द्वारा की जाएगी। जहां प्राथमिक उपचार केन्द्र संचालित कर मेले के दौरान रोटेशन के आधार पर निजी चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्राथमिक उपचार एवं दवाई वितरण की सुविधा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। साथ ही एम्बुलेंस सेवा आपात स्थिति के लिए निजी अस्पतालों की एम्बुलेंस मेला क्षेत्र के समीप तैनात रहेंगी। इसी प्रकार बाईक एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए नि:शुल्क प्राथमिक उपचार एवं दवाई वितरण की सुविधा प्रदान करने की अपील की।
बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24*7 कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसके साथ निजी चिकित्सालयों का सीधा समन्वय रहेगा। 48 संस्थानों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। बैठक में उपस्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नेतराम नवरत्न, जिला आरसीएच नोडल अधिकारी डॉ.अल्पना लूनिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार एवं अन्य जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *