महिला सशक्तिकरण की मिसाल बना मांझीगुड़ा परियोजना स्तरीय महिला जागृति शिविर में जागरूकता, सम्मान और प्रेरणा का संगम

बीजापुर, 09 मार्च 2026/sns/-मांझीगुड़ा ग्राम पंचायत में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परियोजना स्तरीय महिला जागृति शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल उत्साह और जागरूकता से भर गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अनीता ककेम, सरपंच ईटपाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रुक्मणी तेलम, सरपंच धनोरा ने की जबकि विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती ललिता कुड़ियम, सरपंच पापनपाल तथा श्रीमती मुन्नी, सरपंच तोयनार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को गौरवान्वित किया।
शिविर के दौरान महिलाओं ने सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को समझने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं एवं सहायकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होकर सशक्त बनी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।
इस अवसर पर क्षेत्र के सशक्त जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने महिलाओं के उत्थान और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागृति शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं को आगे बढ़ाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *