जिला पंचायत सीईओ ने बैठक लेकर की ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा

मुंगेली, 11 मार्च 2026/sns/- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिला पंचायत सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पांडेय ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से योजनावार प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री पांडेय ने मनरेगा के अंतर्गत अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शत-प्रतिशत स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की गतिविधियों को गति देने कहा। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। सीईओ श्री पांडेय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *