आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत बुजुर्गों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज, महाअभियान में 1756 कार्ड बनाए गए

अम्बिकापुर, 12 मार्च 2026/sns/-   आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत संचालित आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्ड निर्माण का विशेष महाअभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले में एक ही दिन में 1756 वय वंदना कार्ड बनाए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का शत-प्रतिशत कार्ड बनाना लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जाता है, वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी 5 लाख रुपये तक की उपचार सुविधा दी जाती है। इसके अलावा एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपये तक का लाभ मिलता है। साथ ही मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में 11 मार्च 2026 को जिले में कार्ड निर्माण के लिए महाअभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम स्तर पर सचिव, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों द्वारा शिविर आयोजित कर तथा घर-घर जाकर वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदना कार्ड बनाए गए। विशेष रूप से दिव्यांगजनों एवं ऐसे बुजुर्ग जो शिविर स्थल तक नहीं पहुंच सके, उनके घर जाकर भी कार्ड जारी किए गए। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 17,989 कार्ड निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 16,810 कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो कि 93.04 प्रतिशत उपलब्धि है। महाअभियान के माध्यम से शेष पात्र हितग्राहियों का भी कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बुजुर्गों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *