बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण में समन्वय से करें कार्य–कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, 17 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, गर्भवती तथा शिशुवती महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की। कलेक्टर ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन करने तथा मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को शून्य करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने और नियमित उपचार उपलब्ध के निर्देश दिए। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 24 मार्च को मनाए जाने वाले विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रमों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी मरीजों की समय पर पहचान, उपचार और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत ई-संजीवनी सेवा, आयुष्मान योजना, वय वंदन कार्ड सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने दोनों विभागों को समन्वय स्थापित कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग दोनों सीधे आम जनता से जुड़े हुए हैं, इसलिए सभी स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलना चाहिए तथा शासन-प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएचएमओ श्री एसआर मांडवी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री चंद्र शेखर मिश्रा, बीएमओ, सीडीपीओ, सुपरवाइजर सहित दोनों विभागों के मैदानी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *