कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक

मुंगेली, 13 अप्रैल 2026/sns/  कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं, जनगणना कार्य, अधोसंरचना विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणाममूलक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्व-गणना, मकान सूचीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यों में तेजी लाने निर्देशित किया। उन्होंने फील्ड ट्रेनर की सूची तैयार करने, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए वाल राइटिंग एवं जागरूकता अभियान चलाने को कहा। साथ ही सभी चार्ज अधिकारियों को मकान सूचीकरण का प्रमाण प्रस्तुत करने तथा एक विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जरहागांव एवं बरेला में सड़क पर मवेशियों की समस्या और साफ-सफाई की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सीएमओ को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए खुड़िया में स्वास्थ्य केंद्र उन्नयन, लोरमी में पोस्ट मैट्रिक छात्रावास निर्माण एवं भालापुर-अचानकपुर सड़क को बारिश से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास हेतु भूमि चयन शीघ्र पूर्ण करने तथा मोतिमपुर, जरहागांव एवं सेतगंगा में अर्बन पीएचसी शीघ्र प्रारंभ करने तथा सीएम जनदर्शन अंतर्गत लंबित आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में समाधान सुनिश्चित करने कहा।
 कलेक्टर ने आधार पंजीयन एवं एमबीयू की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएमसी को प्रतिदिन प्राचार्यों से समन्वय कर पंजीयन एवं रि-वैलिडेशन सुनिश्चित करने तथा निजी स्कूलों में भी कड़ाई से पालन कराने तथा कमजोर प्रगति वाले स्कूलों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गर्मी के मद्देनजर हीट वेव प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पेयजल की समुचित व्यवस्था, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने हेतु जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
 कलेक्टर ने विस्थापन से जुड़े मामलों पर चर्चा करते हुए 93 संभावित प्रभावित परिवारों का सर्वे कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन करने तथा सड़क, बिजली, जलापूर्ति एवं कृषि भूमि की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने जल संचयन जनभागीदारी के अंतर्गत रेन वाटर हार्वेस्टिंग, मैजिक पिट एवं अन्य संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने तथा जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए जिले को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने उर्वरक भंडारण की समीक्षा करते हुए किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी रोकने एवं नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व पखवाड़े अंतर्गत नामांतरण, सीमांकन, नक्शा बटांकन आदि प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना, डिजिटल ऋण पुस्तिका एवं मसाहती सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया का कड़ाई से पालन करने निर्देशित किया। बैठक में एटीआर के उपसंचालक श्री यू.आर. गणेश, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author