कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में ज्ञानभारतम् पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न 

जांजगीर-चांपा, 13 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में ज्ञानभारतम् पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की महत्वपूर्ण पहल के तहत दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथ, पाण्डुलिपियों तथा अन्य प्राचीन दस्तावेजों का चिन्हिकरण एवं सूचीकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा जिले में संभावित पाण्डुलिपि संग्रहकर्ताओं का सर्वेक्षण कर पहचान की जाएगी। सर्वे कार्य हेतु टीम गठित करने निर्देश दिए गए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पाण्डुलिपियों की पहचान एवं दस्तावेजीकरण के लिए सर्वेयर नियुक्त किए जाएंगे। सर्वेक्षण कार्य के लिए मास्टर ट्रेनर नियुक्त करने एवं प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में यदि किसी के पास राष्ट्रीय धरोहर या अन्य पुरावैभव व सांस्कृतिक क्षेत्र से अप्रकाशित पांडुलिपि उपलब्ध है तो आप इसकी सूचना को समिति तक पहुंचाकर भारत की ज्ञान परम्परा को सुरक्षित रखने के इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
 कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इसे सफल बनाने के लिये अप्रकाशित पांडुलिपि का सर्वेक्षण करना समिति का उद्देश्य है। उन्होंने इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले शोधार्थियों तथा प्रबुद्धजनों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान से जुड़कर अप्रकाशित पांडुलिपियों को उपलब्ध कराये। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी -कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author