कबीरधाम जिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण में पूरे राज्य में पहले स्थान पर
कवर्धा, 17 अप्रैल 2026/sns/-स्वास्थ्य सेवाओं की आमजनों तक गुणवत्तापूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कबीरधाम जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य केंद्रों के राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानक प्रमाणीकरण में कबीरधाम जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) के मार्गदर्शन में अब तक कुल 45 शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओ ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेट (एन.क्यु.ए.एस.) प्राप्त करके स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह प्रमाण पत्र केंद्र सरकार द्वारा प्रदाय की जाती है। उत्कृष्ट गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाओ और रोगी केन्द्रित देखभाल को दर्शाता है। यह उन स्वास्थ्य संस्थाओ को दिया जाता है, जो सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, समर्थन सेवाएं, नैदानिक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और सकारात्मक परिणाम जैसे कड़े मानको पर खरी उतरती है। इसमें भाग लेने के लिए संस्थाओ को चेकलिस्ट अनुसार तैयारी किये जाने की आवश्यकता होती है, जिसके पश्चात जिला स्तरीय टीम एवं राज्य स्तरीय टीम द्वारा संस्था का भ्रमण कर चेकलिस्ट अनुसार दस्तावेजांे का परीक्षण, इंटरव्यू, संस्था की साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों, जाँच किट की आपूर्ति, भवन की स्थिति, जल-बिजली की आपूर्ति एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जाँच कर अंक प्रदाय किया जाता है। चेकलिस्ट अनुसार प्रत्येक मानक में 70 प्रतिशत से अधिक अंक पाने पर ही संस्था द्वारा राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणीकरण हेतु सक्षम पोर्टल में आवेदन किया जाता है।