दिल्ली में दम दिखाएंगे बीजापुर के खिलाड़ी SGFI राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए टीम रवाना
बीजापुर, 17 अप्रैल 2026/sns/- राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली 69वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया SGFI राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की अंडर-14 बालक एवं बालिका टीम रवाना हो चुकी है। यह प्रतियोगिता 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है।
इस बार भी छत्तीसगढ़ की टीम में बीजापुर जिले के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला है। बालक वर्ग में साहिल निषाद, अभील मिच्चा, दिव्यांशु पोयम, अनिकेत तेलम और बचालु कवासी का चयन हुआ है। वहीं बालिका वर्ग में अनुराधा कोवासी और अनुसूर्या यालम टीम का हिस्सा हैं।
खिलाड़ियों के चयन पर जिले के कलेक्टर श्री संबित मिश्रा और खेल प्रभारी श्री उत्तम पंचारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल कोच एवं जिले के श्रम निरीक्षक सोपान करणेवार ने बताया कि इस वर्ष अंडर-14 वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम काफी मजबूत है और पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
जिले के इन होनहार खिलाड़ियों से न केवल बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है, बल्कि वे राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।