समावेशी शिक्षा की दिशा में पहल

मुंगेली, 17 अप्रैल 2026/sns/- जिले में समावेशी शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों ने शिक्षा के क्षेत्र में नई सकारात्मक पहल प्रस्तुत की।
समावेशी शिक्षा के अंतर्गत विकासखंड स्त्रोत केंद्र मुंगेली में दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंड से कुल 12 दिव्यांग बच्चे एवं उनके अभिभावक शामिल हुए। कार्यक्रम में गृह आधारित शिक्षा, विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों की देखभाल तथा उनके समग्र विकास के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में 100 मीटर दौड़, जलेबी दौड़, चित्रकला, रंगोली, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सहित कुल 16 प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता बच्चों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके अतिरिक्त, समावेशी शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय तीन दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण बीआरसीसी भवन मुंगेली में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के तीनों विकासखंडों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, शिक्षा की पद्धतियों एवं उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उपायों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।

About The Author