बीजापुर को मिली विकास की नई रफ्तार 140 करोड़ से अधिक की सड़कों और योजनाओं की सौगात

बीजापुर, 17 अप्रैल 2026/sns/- विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीजापुर जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जशपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेस-04) के तहत बीजापुर जिले को 140.82 करोड़ रुपये की लागत से 158.74 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों की सौगात दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने की। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। जो लंबे समय से माओवाद प्रभावित रहे बीजापुर जिले के लिए एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।

ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा- इस अवसर पर “मोर गांव मोर पानी मोर तरिया” योजना के अंतर्गत “तरिया आय का जरिया” अभियान के तहत जिले में 23 नए तालाबों के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही जिले को अटल डिजिटल सुविधा केंद्र की सौगात भी मिली, जो डिजिटल सेवाओं को गांव.गांव तक पहुंचाने में सहायक होगा।

44 सड़कों का होगा निर्माण- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बीजापुर जिले में कुल 44 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनकी कुल लंबाई 158.74 किलोमीटर होगी। जिससे जिले के दूरस्थ और अब तक कनेक्टिविटी से वंचित गांव मुख्य मार्गों से जुड़ सकेंगे। भैरमगढ़ ब्लॉकः 85.60 किमी सड़क, लागत 77.75 करोड़ रुपये। भोपालपटनम क्षेत्रः 30.28 किमी सड़क, लागत 25.45 करोड़ रुपये।

उसूर क्षेत्रः 25.30 किमी सड़क, लागत 23.12 करोड़ रुपये।

बीजापुर क्षेत्रः 17.56 किमी सड़क, लागत 14.50 करोड़ रुपये इन सड़कों के निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

विकास की मुख्यधारा में लौटता बीजापुर- करीब चार दशकों तक माओवाद से प्रभावित रहने के कारण बीजापुर जिले में आधारभूत सुविधाओं का विकास काफी पीछे रह गया था। अब सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में तेजी से शामिल हो रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार- कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष श्री पेरे पुल्लैया, जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया माड़वी श्री मैथ्यूस कुजूर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे वरिष्ठ नागरिक श्री घासी राम नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि समस्त जनपद अध्यक्षगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को जिले के लिए विकास की नई शुरुआत बताया। यह परियोजना न केवल बीजापुर के भौगोलिक अलगाव को खत्म करेगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की नई कहानी भी लिखेगी।

About The Author