प्रवासी मजदूरों को 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेण्डर प्रदान करने के निर्देश
राजनांदगांव ,18 अप्रैल 2026/sns/- भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रवासी मजदूरों को 5 किलो फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेण्डर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार द्वारा जिले के सभी गैस वितरक संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार प्रवासी मजदूरों को 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेण्डर संबंधित गैस वितरण केन्द्रों के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। सिलेण्डर प्राप्त करने के लिए आवेदक को पु्रफ ऑफ आईडेंटिटी (पीओआई) हेतु आधार कार्ड आवेदक की नियमानुसार सहमति से तथा श्रम विभाग द्वारा जारी श्रमिक पंजीयन प्रमाण पत्र की प्रति एलपीजी वितरक द्वारा प्राप्त की जाएगी तथा इसके उपरांत नवीन कनेक्शन रिफिल सिलेण्डर प्रदान किया जाएगा। एलपीजी वितरक द्वारा 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेण्डर के दैनिक उपलब्ध स्टॉक, दैनिक विक्रय मात्रा तथा बचत स्टॉक की पंजी संधारित की जाएगी तथा दैनिक जानकारी कार्यालय कलेक्टर खाद्य शाखा राजनांदगांव को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेण्डर के व्यपवर्तन एवं किसी प्रकार के दुरूपयोग पाए जाने पर जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।