कलेक्टर ने जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण प्रगणकों को दिए दिशा-निर्देश

मुंगेली, 20 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज स्वामी आत्मानंद दाऊपारा में संचालित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे प्रगणकों से संवाद कर जनगणना की बारीकियों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रशिक्षण की प्रगति का अवलोकन करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीकता और पारदर्शिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने उपस्थित प्रगणकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाएं और जनगणना कार्य को बेहतर ढंग से समझकर त्रुटिरहित तरीके से संपादित करें, ताकि जिले में जनगणना कार्य सुचारू रूप से पूर्ण हो सके। उन्होंने गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने प्रोत्साहित किया।जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रीतेश अहिरवार ने बताया कि जनगणना कार्य अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा। जनगणना में संलग्न कर्मचारी 01 मई से घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जनगणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित होगी। नागरिक आनलाइन पोर्टल के माध्यम से चाही गई अपने घर और परिवार से जुड़ी जानकारियां 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वयं भर सकते हैं। आनलाइन जानकारी करने पर नागरिकों को एक एसई आइडी मिलेगी, जिसे सर्वे के दौरान अनिवार्य रूप से दिखाना होगा। इस बार पहली बार नागरिक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना डेटा ऑनलाइन सबमिट कर सकेंगे। प्रगणक स्वगणना आईडी का सत्यापन कर प्रविष्टियों की समीक्षा करेंगे। इसके लिए अधिकृत वेबसाइट https://se.census.gov.in/ निर्धारित की गई है।आगामी जनगणना प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 01 मई 2026 से ही अधिकृत जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इससे पहले यदि कोई व्यक्ति जनगणना के नाम पर व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी मांगता है, तो यह साइबर ठगी का मामला हो सकता है। प्रशासन ने बताया कि जनगणना पूरी तरह निःशुल्क प्रक्रिया है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन या वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी बिल्कुल न दें। नागरिक सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत जनगणना कर्मचारियों को ही जानकारी दें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

साइबर ठगी से रहें सतर्कप्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर ठगों से सतर्क रहें। स्पष्ट किया गया है कि 01 मई से पहले कोई भी अधिकृत जनगणना कर्मचारी घर-घर नहीं जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जनगणना के नाम पर व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी मांगता है, तो वह धोखाधड़ी हो सकती है। जनगणना पूरी तरह निःशुल्क प्रक्रिया है, इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पिन या अन्य वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।

फर्जीवाड़े से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां

जनगणना कर्मचारी की पहचान पत्र अवश्य जांचें, संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर प्रतिक्रिया न दें। मोबाइल या व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी दबाव में आकर जानकारी साझा न करें। फर्जी लोग अक्सर जल्दबाजी दिखाकर या डराकर जानकारी लेने का प्रयास करते हैं।

About The Author