850 तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन

अम्बिकापुर, 21 अप्रैल 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा संचालित श्री रामलला (अयोध्या धाम) दर्शन योजना के तहत आज सरगुजा संभाग के अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से 850 तीर्थयात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन को अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया।

सांसद ने यात्रियों से की मुलाकात
ट्रेन के प्रस्थान से पूर्व सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने स्टेशन परिसर में तीर्थयात्रियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों का कुशलक्षेम जाना और उनकी सुखद व मंगलमय यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

सरगुजा संभाग के अंतर्गत जिलों के लिए शासन द्वारा कुल 850 यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है, जिसमें सरगुजा के लिए 170, जशपुर के लिए 204, बलरामपुर-रामानुजगंज के लिए 164, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लिए 57, कोरिया के लिए 108 तथा सूरजपुर के लिए 147 यात्रियों की संख्या तय की गई है।

जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग, श्री वी.के. उके ने बताया कि सरगुजा जिले से कुल 138 तीर्थयात्री इस जत्थे में शामिल हैं। ब्लॉकवार यात्रियों का विवरण देते हुए बताया कि जनपद पंचायत अम्बिकापुरः 17 यात्री उदयपुरः 18 यात्री, लखनपुरः 14 यात्री, लुण्ड्राः 13 यात्री, बतौलीः 11 यात्री, सीतापुरः 11 यात्री, मैनपाटः 12 यात्री,नगर निगम अम्बिकापुरः 30 यात्री नगर पंचायत लखनपुरः 05 यात्री और नगर पंचायत सीतापुरः 07 यात्री शामिल हुए हैं।

वापसी और व्यवस्थाएं
श्री रामलाल दर्शन योजना से तीर्थ यात्री का दल 24 अप्रैल 2026 को वापस लौटेगा। ट्रेन रवानगी के इस गरिमामयी अवसर पर नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, क्षेत्रीय अधिकारी (टूरिज्म बोर्ड) श्री आशीष वर्मा, जिले के जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण सहित रेलवे, आई.आर.सी.टी.सी. और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author