जन शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु 1 मई से 10 जून तक

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 21 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय सीमा का बैठक लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। डॉ कन्नौजे ने जनशिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु 1 मई से 10 जून तक 15-20 पंचायतों के क्लस्टरों में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन करने के निर्देश दिए। इसके साथ साथ कलेक्टर ने जिले में सूखाग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की स्थिति का अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें व्यवस्था को बरसात तक बरकरार रखने के निर्देश दिए। वहीं पशु पक्षियों के लिए जल संसाधन विभाग को नहरों में पानी छोड़ने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी विभागों को हितग्राहीमूलक पेंशन, आरबीसी 6-4, पीएम आवास, लोन आदि सभी लंबित भुगतान, जिले के विकास में शामिल कार्यों के लंबित भुगतान को विशेष अभियान चलाकर 30 अप्रैल तक सभी लंबित देयक आदि को भुगतान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को उनके आधारकार्ड के साथ ईकेवायसी अपडेट कराना अनिवार्य है। यह जून तक होगा और बिल्कुल निःशुल्क है इसलिए सभी हितग्राही अपने नजदीकी च्वाईस सेंटर में जाकर अपना ईकेवायसी अपडेट कराएं। ईकेवायसी अपडेट से फर्जी हितग्राही की पहचान होती है, वहीं वास्तविक हितग्राही को योजना का लाभ मिलता है। ईकेवायसी के दौरान आधार अपडेट या अन्य दस्तावेज का शुल्क भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण भारत सरकार (यूआईडीएआई) द्वारा निर्धारित शुल्क ही च्वाईस सेंटरों को भुगतान करना होगा।

कलेक्टर डॉ संजय ने नवीन संयुक्त जिला कार्यालय, जिला अस्पताल, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के हॉस्टल का जीर्णोद्धार, जिला पशु चिकित्सा कार्यालय, सारंगढ़ और बिलाईगढ़ के एसडीएम कार्यालय आदि के निर्माणाधीन कार्यों का समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण टाईम लिमिट में पूर्ण करें। समीक्षा के दौरान खेलभांठा के ट्राइबल हॉस्टल का जीर्णोद्धार कार्य में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के इंजीनियर को फटकार लगाई।

About The Author