कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
-
मोहला, 22 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गत दिवस आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में विकासखंड मानपुर के ग्राम भटगांव निवासी श्रीमती फुलकुंवर ने कलेक्टर जनदर्शन में उपस्थित होकर नया राशन कार्ड प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड के अभाव में उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है। विकासखंड मोहला अंतर्गत ग्राम खुर्शीपार कुल्हारदोह निवासी द्वारा मुर्गी शेड निर्माण हेतु आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि शेड निर्माण से स्व-रोजगार के साथ ही आय में वृद्धि होगी। उन्होंने शेड निर्माण की स्वीकृति हेतु आग्रह किया। इसी प्रकार विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम गोपलीनचुवा के समस्त ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्युत तार टूट जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। उन्होंने शीघ्र मरम्मत कर बिजली कनेक्शन पुनः चालू कराने की मांग की। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाए।