पहाड़ों के बीच बसा चाऊरडोंगरी अब बारहमासी सड़क संपर्क से जुड़ा

कवर्धा, 23 अप्रैल 2026/sns/- कभी कठिन पहाड़ी रास्तों और संसाधनों की कमी से जूझने वाला कबीरधाम जिले का सुदूर वनांचल क्षेत्र का ग्राम चाऊरडोंगरी आज विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत यहां पक्की सड़कों का निर्माण होने से ग्रामीणों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग द्वारा अमनिया बांगर रोड राहीडांड से चाऊरडोंगरी तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया गया है, जिसकी लागत 1.74 करोड़ रूपये है। यह सड़क पहाड़ों की कटिंग कर तैयार की गई है, जिससे यह क्षेत्र दुर्गम और पहुँचविहीन नहीं रहा गया है और बारहमासी पक्की सड़क से जुड़ चुका है।
पहाड़ के ऊपर बसे इस गांव तक पहले पहुंचना बेहद कठिन था। बारिश के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते थे। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के सामान लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। बीमार पड़ने पर समय पर उपचार मिल पाना भी मुश्किल था। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सड़क बनने से अब गांव तक आवागमन आसान हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले चाऊरडोंगरी से कुई और पंडरिया तक जाने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं था। आवश्यक सामग्री लाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सड़क बनने से उनकी परेशानी काफी हद तक दूर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव में स्वास्थ्य सेवाएं भी आसानी से पहुंच रही हैं। पहले जहां मरीजों को अन्य साधनों से ले जाना पड़ता था, वहीं अब वाहन सीधे गांव तक पहुंच रहे हैं। इससे समय पर इलाज मिलना संभव हो पाया है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में हो रहे तेजी से विकास कार्यों और मिल रही मूलभूत सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका कहना है कि पहले जहां उनका गांव सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित था, वहीं अब सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पक्की सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि अब शासकीय योजनाओं का लाभ भी सीधे गांव तक पहुंच रहा है। पहले जहां छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों की वर्षों पुरानी समस्याओं को समझते हुए ठोस कदम उठाए हैं। आज उनके गांव में जो परिवर्तन दिखाई दे रहा है, वह सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है।
पीएमजीएसवाई विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चाऊरडोंगरी जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। आज चाऊरडोंगरी गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। पक्की सड़क ने यहां के लोगों के जीवन में उम्मीद और सुविधाओं दोनों की राह खोल दी है।

About The Author