विकसित कृषि संकल्प अभियान 05 मई से 20 मई तक

मुंगेली, 24 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में 05 मई से 20 मई तक “विकसित कृषि संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना है, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ खेती की लागत में कमी लाई जा सके। इसके लिए विकासखण्ड स्तर पर विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है, जो गांव-गांव पहुंचकर किसानों को मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
अभियान के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों के संतुलित उपयोग, नील हरित काई के प्रयोग, जैविक खेती को बढ़ावा एवं खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही दलहन, तिलहन और मक्का जैसी फसलों के उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, धान के स्थान पर दलहन-तिलहन फसलों के प्रोत्साहन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। कृषि अधिकारियों ने किसानों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर नवीन तकनीकों को अपनाने और अपनी आय में वृद्धि के अवसरों का लाभ उठाने कहा है।

About The Author