जल जीवन मिशन के तहत सोलर आधारित जल आपूर्ति से ग्राम घीकुडिय़ा में आई खुशहाली

राजनांदगांव, 25 अप्रैल 2026/sns/- डोंगरगढ़ विकासखंड के दूरस्थ वनांचल स्थित ग्राम घीकुडिय़ा में जल जीवन मिशन के तहत सोलर आधारित जल आपूर्ति शुरू होने से गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब हर घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंच सुनिश्चित हो गई है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पानी टंकी का निर्माण, पाइपलाइन बिछाने तथा टेप नल कनेक्शन के माध्यम से प्रत्येक घर तक जल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा से विशेष रूप से महिलाओं को राहत मिली है, जिन्हें पहले पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब उन्हें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता और वे अपने अन्य कार्यों पर ध्यान दे पा रही हैं। इस पहल का असर बच्चों की दिनचर्या पर भी देखने को मिला है। पहले जहां पानी लाने में समय व्यतीत होता था, वहीं अब बच्चे पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में अधिक समय दे पा रहे हैं। साथ ही गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है। ग्रामीणों ने पानी की महत्ता को समझते हुए हर घर नल के साथ जिम्मेदारी भी निभानी शुरू कर दी है। जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर गांव में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि जल जीवन मिशन से पहले गर्मी के मौसम में गांव में पानी की भारी किल्लत रहती थी। एक-एक बाल्टी पानी के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी और स्वास्थ्य समस्याएं होती थी, लेकिन अब जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से ग्राम घीकुडिय़ा के हर घर तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन, तकनीकी समाधान और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह परिवर्तन संभव हो सका है, जो दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विकास की एक मिसाल बन गया है।

About The Author