कलेक्टर ने स्वगणना कार्य का किया अवलोकन
मुंगेली, 28 अप्रैल 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट परिसर में संचालित स्वगणना कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वगणना कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय-सीमा में स्वगणना कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य शासन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसे पूरी गंभीरता एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि स्वगणना का कार्य 30 अप्रैल तक किया जाएगा। उसके बाद मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई तक संचालित होगा। इस बार पहली बार नागरिक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना डेटा ऑनलाइन सबमिट कर सकेंगे। प्रगणक स्वगणना आईडी का सत्यापन कर प्रविष्टियों की समीक्षा करेंगे। इसके लिए अधिकृत वेबसाइट https://se.census.gov.in/ निर्धारित की गई है।