घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी की होगी कड़ी निगरानी
मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- जिले में घरेलू एलपीजी के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आदेश जारी कर राजस्व, खाद्य एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो जिलेभर में एलपीजी वितरकों की नियमित जांच करेगी। जारी आदेश के अनुसार विकासखंड स्तर पर गठित इस संयुक्त समिति में संबंधित तहसीलदार को अध्यक्ष तथा नापतौल निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक को सदस्य बनाया गया है। टीम का मुख्य उद्देश्य एलपीजी सिलेंडरों के स्टॉक, वितरण और उपयोग की पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी एलपीजी वितरकों के गोदामों में उपलब्ध रिफिल सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अंतर पाए जाने पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गैस उपलब्ध हो, इसके लिए सिलेंडरों का रैंडम वजन भी कराया जाएगा।