जिला अस्पताल कबीरधाम में होगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा भर्ती

कवर्धा, 29 अप्रैल 2026/sns/- आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत जिला अस्पताल कबीरधाम को प्राप्त प्रोत्साहन राशि तथा प्रबंधकारिणी समिति, आयुष्मान भारत, जिला चिकित्सालय कबीरधाम की बैठक 27 अप्रैल 2026 में लिए गए निर्णय अनुसार विषय विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 01 स्त्रीरोग विशेषज्ञ एवं 01 निश्चेतना विशेषज्ञ चिकित्सक के पदों पर संविदा नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत करते हुए 04 मई 2026 (सोमवार) को कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कबीरधाम के सभाकक्ष में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 01.30 बजे तक पंजीयन कराकर इंटरव्यू में सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन दोपहर 02.30 बजे तक किया जाएगा, जिसके पश्चात दोपहर 03 बजे से 03.30 बजे तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किए जाएंगे तथा उनका निराकरण दोपहर 04.30 बजे से किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन, विभागीय विषय पर जानकारी एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया सायं 05 बजे से प्रारंभ होगी। आवेदनों की संख्या अधिक होने की स्थिति में यह प्रक्रिया आगामी कार्य दिवस अथवा अन्य निर्धारित तिथि में भी जारी रखी जा सकती है। इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है।

About The Author