व्यापमं की प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 7 मई को

जगदलपुर, 29 अप्रैल 2026/sns/-छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आगामी  गुरुवार 07 मई को प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा जगदलपुर के शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा-2 में सुबह 10 बजे से दोपहर 01.15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 115 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा हेतु जारी दिशा-निर्देश के  तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक ढाई घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। मुख्य द्वार पर ही मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी और इसके बाद ही उन्हें भीतर प्रवेश दिया जाएगा।  
प्रवेश के दौरान शिक्षकों द्वारा इंटरनेट से प्राप्त साफ-सुथरे मूल प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, तो उसे अनिवार्य रूप से अपनी दो वर्तमान रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। इस परीक्षा के लिए एक विशेष ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत परीक्षार्थियों को हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट और हल्के कपड़ों के साथ पैरों में केवल चप्पल पहनकर आना होगा। परीक्षा केंद्र के भीतर जूता-मोजा, घड़ी, पर्स, बेल्ट, मोबाइल, चश्मा, टोपी, स्कार्फ और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या संचार साधन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके साथ ही, कान में पहने जाने वाले आभूषण जैसे बाली या झूमका और हाथ में कड़े या धागे पहनने पर भी सख्त पाबंदी लगाई गई है।  
परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने नोडल अधिकारी के रूप में डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष कुमार वर्मा (मो.9406349496) को जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ समन्वय के लिए शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल श्रीवास्तव और सहायक समन्वयक के रूप में डॉ. अजय सिंह ठाकुर को नियुक्त किया गया है। समस्त परीक्षार्थियों को वर्तमान वर्ष का ही प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने पर केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

About The Author