कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में लोरमी के अंशुल शर्मा ने किया टॉप

मुंगेली, 29 अप्रैल 2026/sns/- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में मुंगेली जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं की परीक्षा में लोरमी के अंशुल शर्मा ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। अंशुल शर्मा लोरमी के एक निजी विद्यालय के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। वहीं मुंगेली की नंदिता देवांगन ने 98.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चकरभठा की हेमा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी जिले के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। लोरमी के चैतराम साहू ने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय स्थित पंचम तल के सभागार से परिणाम जारी करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। विद्यार्थियों की इस सफलता से उनके परिवारों सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

About The Author