सही दवा-शुद्ध आहार अभियान शुरू बीजापुर में खाद्य और दवाओं की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी

बीजापुर 30 अप्रैल 2026/sns/- लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “सही दवा-शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 15 दिवसीय सघन जांच अभियान जिले में प्रारंभ किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं दवाएं उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जो जिलेभर में जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है। साथ ही इस अभियान के माध्यम से लोगों और दुकानदारों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार और सुरक्षित दवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 27 अप्रैल 2026 से हुई। पहले दो दिनों में टीम द्वारा इंदिरा मार्केट, नया बस स्टैंड और मेन रोड क्षेत्र में गन्ना जूस सेंटर, जूस सेंटर, लस्सी दुकान, मोमोज सेंटर, चाट सेंटर, एग रोल सेंटर, छोटे होटल, फास्ट फूड सेंटर, फल दुकान और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
जांच के दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, बर्तनों को स्वच्छ पानी से धोने, अखबार या प्रिंटेड पेपर का उपयोग न करने और खराब हो चुके खाद्य पदार्थों को हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाइजीन मेंटेन रखने और मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय न करने की सख्त हिदायत दी गई। जिन व्यापारियों के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author