कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने विकासखण्ड अम्बिकापुर का किया दौरा


अम्बिकापुर 30 अप्रैल 2026/sns/-  कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल के साथ विकासखण्ड अम्बिकापुर का दौरा किया। उन्होंने यहां आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर, सियान गुड़ी, सीएमटीसी सेंटर सहित अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।

बकिरमा में आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों का लिया जायजा
कलेक्टर श्री वसंत ने ग्राम बकिरमा में आयोजित आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए उपस्थित अधिकारियों को शेष आयुष्मान कार्ड जल्द बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से बेहतर ईलाज की सुविधा मिलेगी, इसलिए दूसरों को भी शिविर की जानकारी दें और लाभ लेने प्रेरित करें। शिविर में लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के साथ ही योजना के लाभ के बारे में भी बताया गया।
इसके पश्चात उन्होंने बकिरमा में विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान नवीन पंचायत भवन,अटल डिजिटल सुविधा केंद्र तथा मनरेगा अंतर्गत निर्मित आजीविका डबरी का निरीक्षण किया।

सियान गुड़ी का किया निरीक्षण-
कलेक्टर श्री वसंत ने अम्बिकापुर में निर्मित सियान गुड़ी वृद्धजनों हेतु डे केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां भवन,विभिन्न कक्षों, परिसर सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुभारंभ से पूर्व जल्द सारी व्यवस्थाएं सुढृढ़ कर ली जाएं। वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्था दुरुस्त हो।

सीएमटीसी का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने अम्बिकापुर में निर्मित समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र (सीएमटीसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान बताया गया कि यहां वर्तमान में 50 महिलाओं के प्रशिक्षण हेतु आवासीय व्यवस्था है तथा अब तक तीन बैच का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। कलेक्टर ने प्रशिक्षण हेतु आवसीय व्यवस्था 50 से 100 करने हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षों का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार अधोसंरचना विकास हेतु भी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

About The Author