सरकार की योजनाएं अब सीधे जनता तक सुशासन तिहार 2026 का भव्य आगाज आज से
सुकमा, 30 अप्रैल 2026/sns/-जिले में सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई और सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए। प्रशासन ने इस अभियान को जनहित से जोड़ते हुए इसे जिले के लिए एक बड़ा जनकल्याणकारी कदम बताया है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने बैठक में निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर मुन्ने’ एवं ‘नियद नेल्लार योजना 2.0’ के तहत यह महाअभियान 30 अप्रैल 2026 से 04 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार के समीप ही किया जाएगा। प्रशासन की यह पहल जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत दिलाने वाली साबित होगी।
सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले में कुल 317 ग्रामस्तरीय शिविर तथा 14 क्लस्टर स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के प्रत्येक ग्राम में योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में 31 व्यक्ति मूलक योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने की ठोस व्यवस्था की गई है।
प्रशासन द्वारा शिविरों में आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं का त्वरित समाधान भी प्राथमिकता से किया जाएगा। राजस्व संबंधी नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीकरण जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएंगे। इसके साथ ही बिजली, ट्रांसफार्मर, हैंडपंप सुधार, मनरेगा भुगतान, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, उज्ज्वला योजना, आवास और शौचालय संबंधी प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे के बीच शिविरों में पहुँचकर अधिकतम लाभ उठाएँ। पंचायत सचिवों द्वारा योजनाओं से संबंधित हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सुशासन तिहार 2026 सुकमा जिले में जनसेवा और जनविश्वास को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक अभियान साबित होगा।