तपती गर्मी में राहत की बूंदें बीजापुर नगर पालिका की ठंडे पानी की सशक्त व्यवस्था


बीजापुर 02 अप्रैल 2026/sns/- जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के लिए नगर पालिका बीजापुर ने त्वरित और प्रभावी पहल की है। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थापित सभी वाटर कूलरों की मरम्मत कर उन्हें सुचारू रूप से चालू किया गया है, जिससे लोगों को ठंडा पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो रहा है।
नगर पालिका द्वारा केवल मरम्मत तक ही सीमित न रहते हुए, वाटर कूलरों की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी स्थान पर पानी की व्यवस्था बाधित न हो। इस संबंध में सीएमओ श्री बंशीलाल नुरुटी ने बताया कि जैसे ही किसी वाटर कूलर के बंद होने की सूचना मिलती है, तत्काल कार्रवाई कर उसे सुधारकर पुनः चालू कर दिया जाता है।
इस पहल से विशेषकर दोपहर के समय गर्मी से जूझ रहे राहगीरों, मजदूरों और यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है। नगर पालिका की यह व्यवस्था न केवल जनसुविधा को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि भीषण गर्मी में लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितकारी कदम की सराहना करते हुए इसे समयानुकूल और सराहनीय पहल बताया है।

About The Author