ग्राम गंगद्वारी में आयोजित समाधान शिविर में 01 हजार 273 से अधिक प्राप्त हुए आवेदन
मुंगेली, 06 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित समाधान शिविर के माध्यम से शासन की योजनाएं अब सीधे आमजन तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजनों को शासकीय योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही सुशासन को और सशक्त बनाना है। इसी तारतम्य में पथरिया विकासखण्ड के ग्राम गंगद्वारी में 25 ग्राम पंचायतों का क्लस्टर अनुसार समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 01 हजार 273 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका नियमानुसार प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, इससे बड़ी संख्या में आमजनों को राहत मिल रही है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाई व परामर्श दिया गया। शिविर में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सभापति अनिला देवेंद्र राजपूत, जनपद अध्यक्ष पथरिया चित्ररेखा जांगड़े, उपाध्यक्ष दीपिका कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजनों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए।
विधायक श्री कौशिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है और जन समस्याओं का निरंतर समाधान किया जा रहा है। सुशासन के संकल्पों के साथ रामराज्य का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसी सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। विधायक ने आमजनों को शिविर का लाभ उठाते हुए पात्रतानुसार योजनाओं के लिए आवेदन प्रस्तुत करने प्रेरित किया। उन्होंने गंगद्वारी में शेड निर्माण हेतु 15 लाख रूपए, पंचायत भवन के लिए 15 लाख रूपए, कलार जेवरा से बेलखुरी सड़क निर्माण के लिए 15 लाख रूपए, पकरिया में पंचायत भवन के लिए 22 लाख रूपए की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गंगद्वारी में महतारी सदन, रोहरा-घुठेली सड़क निर्माण तथा रोहरा-सिलतरा में नए विद्युत सब स्टेशन का भूमिपूजन सहित लगभग 20 करोड़ से अधिक के कार्य इस क्षेत्र के लिए स्वीकृत किया गया है। उन्होंने छिन्दभोग, कपुआ और मोहभट्ठा के लिए 01-01 नग हैण्डपम्प की स्वीकृति भी प्रदान की।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं को पारदर्शी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने एवं पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ आमजनों तक पहुंचाना ही सुशासन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर आवेदन का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि शिविर में पात्र हितग्राहियों का चयन कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। इनमें 46 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 11 लोगों को राशन कार्ड, 40 लोगों का श्रमिक पंजीयन, 08 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 01 हितग्राही को आइस बॉक्स, 01 को मत्स्य जाल, 23 जॉब कार्ड, पीएम आवास के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 21 लोगों को पेंशन प्रमाण पत्र, 01 आइस बॉक्स, 01 मत्स्य जाल, 02 मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान प्रमाण पत्र, 06 सुकन्या समृद्धि पासबुक, 04 विद्यारंभ योजना प्रमाण पत्र, 04 बच्चों का आधार कार्ड, 05 नोनी सुरक्षा योजना पत्र, 10 किसानों को बीज, 02 लोगों को डमी चेक व 08 लोगों को फलदार पौधा और 05 बच्चों को निःशुल्क गणवेश का वितरण किया गया। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के 02 हितग्राहियों का श्रीफल एवं शाल से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि यदि कोई आवेदन तत्काल निराकृत नहीं हो पाया है, तो उसका समयबद्ध समाधान कर हितग्राही को सूचित भी किया जाएगा।