चक्रीय निधि से संवर रही ग्रामीणों की तकदीर, स्वरोजगार की ओर बढ़ते कदम

बीजापुर, 05 मई 2026/sns/-वनमण्डल बीजापुर के अंतर्गत चक्रीय निधि योजना ने ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखनी शुरू कर दी है। इस योजना के माध्यम से परिक्षेत्र पामेड़ और आवापल्ली के चयनित हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु ऋण राशि प्रदान की गई है।

इस पहल के तहत श्री दिलीप बीराबोइन को 2.00 लाख रुपये, श्री दिनेश कुमार कचलाम को 3.00 लाख रुपये तथा श्रीमती जोशिला भगत को 2.00 लाख रुपये की सहायता राशि किराना दुकान संचालन हेतु वन प्रबंध समिति कोत्तापल्ली, मूरदोण्डा से प्रदान की गई। वहीं, श्री नागुल सत्यनारायण को ट्रैक्टर ट्रॉली एवं डोजर जैसे कृषि एवं निर्माण कार्यों के लिए 10.00 लाख रुपये की राशि आवापल्ली समिति से उपलब्ध कराई गई।

इन आर्थिक सहयोगों से लाभान्वित ग्रामीण अब अपने स्वयं के व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर हैं। इस योजना का प्रमुख उद्देश्य बीजापुर जिले को नक्सल प्रभाव से मुक्त करने के बाद ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना तथा पलायन को रोकना है।

चक्रीय निधि योजना की एक विशेषता यह भी है कि हितग्राही सरल शर्तों पर ऋण की वापसी कर पुनः इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका फायदा मिल सके।

हितग्राहियों ने छत्तीसगढ़ शासन एवं वनए जलवायु परिवर्तन विभाग के माननीय मंत्री श्री केदार कश्यप सहित प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर प्रदान किया है।

About The Author