विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026 खरीफ पूर्व तैयारी को लेकर बीजापुर में राज्यव्यापी पहल शुरू

बीजापुर, 06 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं कृषि अनुसंधान तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की सहभागिता से 5 मई से 20 मई 2026 तक विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026 के तहत खरीफ पूर्व राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के तहत बीजापुर जिले में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों तथा उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए 4 दलों का गठन किया गया है। जिले में कुल 96 शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान कृषि रथ के माध्यम से प्रतिदिन 8 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी जाएगी।
अभियान का उद्देश्य खरीफ मौसम की पूर्व तैयारियों को मजबूत बनाना, किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना, नवाचारों को बढ़ावा देना तथा लैब टू लैंड कार्यक्रम को गति देना है। साथ ही किसानों से सुझाव लेकर अनुसंधान की दिशा तय करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
5 मई को अभियान की शुरुआत जिले के ईटपाल, धनोरा, बेलनार, सतवा, अर्जुन अली, अल्लुर, मुरदण्डा और हीरापुर ग्रामों से की गई। इस दौरान किसानों को एग्री स्टैक किसान पंजीयन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान समृद्धि योजना, सौर सुजला योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड एवं आत्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
अभियान में प्राकृतिक खेती को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को कम लागत में जैविक एवं विषमुक्त खाद्यान्न उत्पादन के लिए जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र एवं ब्रह्मास्त्र जैसे जैविक घोलों का जीवंत प्रदर्शन कर उनके उपयोग और लाभ बताए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक कृषि श्री एमडी ध्रुव उप संचालक कृषि, श्री पीएस कुशरे सहायक संचालक कृषि, श्री उग्रेश कुमार देवांगन अनुविभागीय कृषि अधिकारी, श्री चुनेन्द्र प्रकाश सहायक संचालक कृषि, श्री कृष्णा कुमार सिन्हा, प्रमुख वैज्ञानिक एवं कार्यक्रम समन्वयक श्री अरुण सकनी सहित पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

About The Author