पोषण परंपरा और प्रगति का संगम सुशासन तिहार में खिला जनकल्याण का रंग
बीजापुर, 06 मई 2026/sns/- ग्राम पंचायत ईटपाल में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में एकीकृत बाल विकास परियोजना, बीजापुर द्वारा विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आकर्षक स्टॉल लगाया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न लाभकारी गतिविधियाँ भी संपन्न कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान 4 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया, जिससे उनके स्वस्थ जीवन की शुरुआत को प्रोत्साहन मिला। वहीं 5 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें मातृत्व के इस विशेष चरण में सम्मानित किया गया। इसके अलावा 3 बच्चों के पालकों को जाति प्रमाण पत्र का वितरण कर प्रशासनिक सेवाओं की सुगमता को भी सुनिश्चित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने योजनाओं का लाभ उठाया। यह आयोजन न केवल सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण बना बल्कि समाज के कमजोर वर्गों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।