कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक

 जांजगीर-चांपा, 6 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों, जनसमस्या निवारण शिविरों, विभिन्न निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभा दिलाना है।कलेक्टर ने सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी आवेदन सही विभाग को मार्क किए जाएं ताकि समय-सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके। बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में आयोजित सभी जनसमस्या निवारण शिविरों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों में ईसीजी, एक्स-रे, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं मूलभूत स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की बेहतर सुविधा अधिक से अधिक नागरिकों को उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनसमस्या निवारण शिविरों के दौरान दिव्यांग शिविर, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, ऋण मेला, रोजगार मेला एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाए। उन्होंने किसानों को कृषि एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
 कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि वे स्वयं विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे तथा सभी एसडीएम को भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत किए जा रहे ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होनी चाहिए। उन्होंने इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कुदरी बैराज एवं शिवरीनारायण में संचालित बोटिंग गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पूर्ण सुरक्षा जांच एवं मॉकड्रिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पर्यटकों एवं नाव चालकों के लिए लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण भी ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने जिले के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग को परिणामों में सुधार हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने करने कहा।  
कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों एवं शासकीय कार्यालयों में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जनगणना 2027, बेसलाइन सर्वे, ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना एवं धान उठाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author