जगदलपुर में 12 मई को आयोजित होगा विशाल प्लेसमेंट कैंप
जगदलपुर, 08 मई 2026/sns/- बस्तर जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक शानदार अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जगदलपुर द्वारा मंगलवार 12 मई को एक दिवसीय विशाल प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के समीप आड़ावाल स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र में आयोजित होने वाला यह कैंप सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा कुल 305 विभिन्न पदों पर योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा। इस भर्ती अभियान के तहत पैरामाउंट ह्यूमन रिसोर्स द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 300 पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती की जा रही है, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 वीं, 12 वीं अथवा इलेक्ट्रिकल व वायरिंग में आईटीआई निर्धारित की गई है। इस पद के लिए चयनित युवाओं को 16,500 रुपए प्रति माह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कायजेन मोटोवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सेल्स ऑफिसर के 5 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए स्नातक उत्तीर्ण उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए कार्यक्षेत्र जगदलपुर, कोण्डागांव और दंतेवाड़ा तय किया गया है, जहाँ चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 रुपए मासिक वेतन प्राप्त होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को सूचित किया गया है कि वे रोजगार विभाग के अधिकृत पोर्टल मतवरहंतण्बहण्हवअण्पद पर जाकर आगामी रोजगार मेला विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। ऐसे अभ्यर्थी जो ऑनलाइन आवेदन करने से चूक जाते हैं, वे आयोजन के दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच कैंप स्थल पर ही अपना पंजीयन करा सकेंगे। कैंप में शामिल होने के लिए आवेदकों को अपने साथ शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी एक सेट छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लेकर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
उपसंचालक रोजगार से मिली जानकारी के अनुसार 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के पुरुष व महिला दोनों ही श्रेणियों के पात्र अभ्यर्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं। यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है और इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनके कौशल के आधार पर आत्मनिर्भर बनाना है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र आड़ावाल से संपर्क कर सकते हैं।