सौर ऊर्जा ने बिजली बिल की चिंता की दूर 3 हजार का बिजली बिल हुआ 200 रुपये
अम्बिकापुर, 08 मई 2026/sns/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अब ग्रामीणों के घर न केवल रोशन हो रहे हैं, बल्कि वे भारी-भरकम बिजली बिलों से भी मुक्त हो रहे हैं। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत कंठी के रहने वाले सुनील कुमार साहू के लिए सोलर रूफटॉप बिजली बिल की समस्या का समाधान बन गया है।
बिल की चिंता हुई खत्म, बचत की नई राह
हितग्राही सुनील कुमार साहू ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल 2000 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक आता था, जिससे परिवार का बजट अनियंत्रित हो जाता था। बिजली बिल की इस अनिश्चितता से वे काफी परेशान रहते थे। लेकिन जब से उन्होंने अपने घर में साढ़े 3 किलो वाट का सौर ऊर्जा सिस्टम लगवाया है, तब से उनके बिजली बिल की समस्या समाप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि अब उनका मासिक बिजली बिल घटकर मात्र 200 से 500 रुपये के बीच रह गया है।
सब्सिडी से मिली बड़ी राहत, बैंक ऋण से हुए मुक्त
सुनील ने बताया कि इस सिस्टम को लगवाने की प्रक्रिया अत्यंत सुगम रही। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही वित्तीय सहायता ने इसे और भी आसान बना दिया। उन्हें केंद्र सरकार से 78,000 रुपये और राज्य सरकार से 30,000 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी गई है। सब्सिडी की इस राशि की मदद से संजय ने प्लांट लगवाने के लिए बैंक से लिया हुआ ऋण भी चुकता कर दिया है, जिससे वे अब पूरी तरह कर्जमुक्त हैं।
ग्रिड में जमा हो रही अतिरिक्त बिजली
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि यह सिस्टम न केवल घर की जरूरतों के लिए बिजली बनाता है, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में जमा भी करता है। इसी नेट-मीटरिंग तकनीक की वजह से उनके बिजली बिल में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
योजना के प्रति व्यक्त जताया आभार
सुनील कुमार साहू ने अपनी खुशी साझा करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का इस शानदार योजना के लिए सहृदय धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ऐसी योजनाओं से आम जनता को सीधे तौर पर आर्थिक मजबूती मिल रही है,और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। पहले बिजली उपभोक्ता थे और अब उर्जा दाता बन रहे हैं।