सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार
मुंगेली, 12 मई 2026/sns/- जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में शासकीय अस्पतालों की फार्मेसी एवं एडवर्स ड्रग रिएक्शन रिपोर्टिंग व्यवस्थाओं की सघन जांच की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न अस्पताल परिसरों में निरीक्षण कर दवा वितरण, भंडारण एवं रिपोर्टिंग प्रक्रियाओं का जायजा लिया। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया, सरगांव, लोरमी, सरधा, चंदली तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव एवं दशरंगपुर सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में दवाओं के रख-रखाव, एक्सपायरी जांच, रिकॉर्ड संधारण और रिपोर्टिंग प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त दवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साथ ही डॉक्टरों और फार्मासिस्टों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया। टीम ने अस्पतालों में एडीआर संबंधी बैनर एवं सूचना बोर्ड प्रदर्शित करने, निर्धारित प्रारूप में रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा मरीजों को दवाओं के संभावित दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आम नागरिकों को किसी भी दवा के सेवन के बाद एलर्जी, खुजली, चकत्ते, जलन या अन्य दुष्प्रभाव दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने पीवीपीआई हेल्पलाइन एवं मॉनिटरिंग सेंटर में इसकी सूचना देने की सलाह दी है। इसी तरह बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा सेवन से बचने तथा दवाइयों के पैकेट पर लिखे निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने कहा है।