बीजापुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न
बीजापुर 13 मई 2026/SNS/- बीजापुर जिला में मुख्यमंत्री विवाह योजना के अंतर्गत 8 मई को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जिले भर के कुल 100 जोड़ों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज एवं सामाजिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
जानकारी के अनुसार, कोडोली में 30 जोड़ों, मद्देड़ में 40 जोड़ों तथा आवापल्ली में 30 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। सभी विवाह कार्यक्रम पारंपरिक आदिवासी संस्कृति एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सहयोग प्रदान करने के साथ ही सामूहिक विवाह को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक बताया।