गंगालूर जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ा जनसैलाब
बीजापुर, 13 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार के अंतर्गत गंगालूर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ऐतिहासिक भीड़ देखने को मिली। ग्राम पंचायत गंगालूर, डोडीतुमनार, गमपुर
, पीड़िया, बुरजी, मेटापाल, पुसनार, गोंगला, कमकानार, पदमुर, चेरपाल, पालनार एवं तोड़का
सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी ने शासन-प्रशासन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाया।
योजनाओं की जानकारी और त्वरित समाधान पर जोर
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत सदस्य श्री मैथियस कुजूर ने भी शिविर में स्वास्थ्य जांच कराई और ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आम जनता को सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुशासन तिहार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सभी विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।
घर बैठे बन रहे जरूरी दस्तावेज
कलेक्टर ने बताया कि विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जरूरी हैं। इन्हें जनसमस्या निवारण शिविर एवं “बस्तर मुन्ने” अभियान के माध्यम से घर-घर पहुंचकर तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने श्रम पंजीयन और श्रम कार्ड के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, पीएम किसान, मातृत्व वंदना, किसान क्रेडिट कार्ड, तेंदूपत्ता संग्रहण तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। इसके लिए बैंक खाता अनिवार्य है और प्रशासन द्वारा शिविरों एवं बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से खाते खुलवाने का कार्य भी किया जा रहा है।