आरसेटी जगदलपुर में 17 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण का शुभारंभ
जगदलपुर, 13 मई 2026/sns/- भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) जगदलपुर में 17 दिवसीय “पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम” का शुभारंभ विगत दिवस किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं पशु सखी बनाकर उन्हें पशुपालन के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा गांवों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर पशु चिकित्सालय विभाग से संयुक्त संचालक डॉ. डीके नेताम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक भार्गव, सहायक पशु शल्यज्ञ डॉ. नंदकिशोर मांझी, सहायक पशु शल्यज्ञ डॉ. शेफाली मेश्राम, आरसेटी संचालक श्री किरण कुमार लुगुन, फैकल्टी श्रीमती रूमा रॉय एवं श्री शैलेन्द्र बघेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरसेटी संचालक श्री किरण कुमार लुगुन ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित पशु सखियां गांवों में पशुओं की देखभाल, प्राथमिक उपचार, टीकाकरण संबंधी जागरूकता तथा पशुपालकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ पशुपालन आधारित आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को पशु स्वास्थ्य, पोषण, रोग पहचान एवं प्राथमिक उपचार से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अपने गांवों में बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।