ग्रामीण सचिवालयों में जनसमस्याओं के समाधान हेतु विशेष अभियान

मोहला, 14 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण हेतु विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों से कुल 394 मांग एवं शिकायतें संबंधी आवेदन प्राप्त हुईं, जिनमें से 217 प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही 39 शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही की गई। ग्रामीण सचिवालयों में प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राशन कार्ड, व्यक्तिगत शौचालय, पेंशन, नवीन जॉब कार्ड, गैस कनेक्शन, आवास, पेयजल, बोर खनन, नाम जोड़ने एवं प्रमाण पत्र संबंधी मांगें शामिल रहीं। अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम पंचायत रेंगाकठेरा में सर्वाधिक 42 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि ग्राम पंचायत बिटाल में 20 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों में व्यक्तिगत शौचालय, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन एवं पेंशन संबंधी मांगें प्रमुख रहीं। इसी प्रकार विकासखंड मानपुर के विभिन्न ग्राम पंचायतों में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन स्वीकृति एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं विकासखंड मोहला के कुंजामटोला एवं धोबेदंड ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेंशन, उज्ज्वला योजना एवं शौचालय निर्माण से संबंधित मांगें प्रमुख रहीं।
प्रशासन द्वारा ग्रामीण सचिवालय आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। संबंधित विभागों को लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को त्वरित सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

About The Author