विकसित कृषि संकल्प अभियान आवापल्ली में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की नई दिशा
बीजापुर, 15 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक उसूर के ग्राम आवापल्ली में कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर द्वारा वैज्ञानिकों एवं किसानों की संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह अभियान 05 मई से 20 मई तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के निदेशक विस्तार सेवाएं के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री अरुण सकनी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में दल प्रमुख डॉ. शमशेर आलम ने किसानों को खरीफ फसलों में नवीन तकनीकों एवं आधुनिक कृषि नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बीज उपचार, मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जैविक उर्वरकों के उपयोग, ग्रीष्मकालीन जुताई, रोग एवं कीटों के जैविक प्रबंधन, पौध संरक्षण तथा संतुलित उर्वरक प्रयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इसके साथ ही किसानों को बागवानी फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि यंत्रों एवं ड्रोन तकनीक के उपयोग, मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने वैज्ञानिकों से विभिन्न कृषि समस्याओं पर चर्चा कर समाधान भी प्राप्त किया।