किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता कलेक्टर
मुंगेली, 15 मई 2026/sns/- खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कृषि विभाग, क्षेत्रीय उर्वरक निर्माता एवं आपूर्तिकर्ता कंपनियों तथा जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं की संयुक्त बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने सभी उर्वरक आपूर्तिकर्ता कंपनियों एवं थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि जिले के फुटकर विक्रेताओं को बिना अतिरिक्त लदान शुल्क के उचित दर पर रासायनिक उर्वरकों की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी या अधिक कीमत जैसी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं मूल्य नियंत्रण की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं जिला उर्वरक निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे, उर्वरक आपूर्तिकर्ता कंपनियों के प्रतिनिधि तथा जिले के थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।